नीमच। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जिला शाखा नीमच के तत्वावधान एवं 40 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मालवा-मेवाड़ के डॉक्टरों का महाधिवेशन 23 अप्रैल रविवार को दोपहर 3 बजे कनावटी स्थित वृंदावन ग्रीन रिसॉर्ट में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा।
आयोजक चेयरपर्सन डॉ जे सी वर्मा, आयोजक सचिव डॉ मनीष चमडिया ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम में आइएमए मध्य प्रदेश राज्य के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राकेश पाठक, मध्य प्रदेश इकाई के महासचिव डॉ राजशेखर पांडे जबलपुर एवं उनकी टीम, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर सुनील चुघ जयपुर व उनकी टीम के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर डॉक्टर्स का विशेष मेडिकल चिकित्सा तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएमए जिला नीमच इकाई के अध्यक्ष डॉक्टर अशोक जैन करेंगे। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में गीतांजलि हॉस्पिटल उदयपुर के 4 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, ऑर्गन ट्रांसप्लांट और कैंसर जैसे रोगों पर विशेष व्याख्यान दिया जाएगा।
द्वितीय सत्र में नीमच आईएमए के 40 वर्ष पूर्व स्थापना के समय के संस्थापक सदस्यों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा और इस अवसर पर वर्तमान परिपेक्ष में फैली चिकित्सा जगत की समस्याएं जैसे कोविड महामारी तथा युवावस्था में अचानक ह्रदय घात से मृत्यु, तथा बढ़ते कैंसर रोग, विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, राइट टू हेल्थ बिल में चिकित्सकों की सेवा भावना तथा महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार विमर्श किया जाएगा।
महाकुंभ में उज्जैन, नागदा, जावरा, रतलाम, मंदसौर, देवास, नीमच, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, निंबाहेड़ा, छोटी सादड़ी, बड़ी सादड़ी, प्रतापगढ़, मालवा-मेवाड़ क्षेत्र के 250 से अधिक चिकित्सक भाग लेंगे।