सिंगोली। महीने भर की इबादत के बाद शनिवार को बतौर खुदा का शुक्रिया अदा करने ईदगाह पहुंचे मुस्लिम समुदाय को शहर काज़ी मौलाना मोहम्मद फारूखी ने ईदुलफित्र की नमाज अदा कराई व खुतबा पढ़ने के बाद रब तआला से मुल्क की हिफाजत व अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की।
इस मौके पर सदर डॉ रईस खान ने अवाम को ईद की मुबारकबाद देते हुए आपसी भाईचारा बनाने और कौम में फैल रही बुराइयो से मुस्लिम समुदाय को बचाने और उससे दूर रहने की गुजारिश की। इस दौरान उन्होंने ईद के मौके पर माकूल प्रबंध के लिए शासन प्रशासन का शुक्रिया अदा किया। नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी व ईद की खुशियां बांटी।
ईद के मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष ज्ञानमल भंडारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों में तहसीलदार राजेश सोनी, थानाधिकारी कैलाशचंद चौहान, प्रधान आरक्षक मनोज ओझा, सहित राजस्व कर्मचारी और अन्य नागरिकों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।