चित्तौड़गढ़। जिले में एक सड़क हादसे में कार में सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। तीन बच्चे गंभीर घायल हो गए। हादसा इतना भयंकर था कि कार के आगे का पूरा हिस्सा बिखर गया। मामला चित्तौड़गढ़ के सदर थाना इलाके में नरपत की खेड़ी पुलिया का है। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई थी। एक्सीडेंट के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया।
गुजरात जा रहा था परिवार-
सदर थाने के एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अहमदाबाद निवासी शत्रुघ्न तिवारी (40) अपनी पत्नी सरिता (35), दो बेटियों पलक (15), पायल (13) और बेटा तेजस्वी (11) के साथ ब्रेजा कार से बिहार से अहमदाबाद जा रहे थे। इसी दौरान नरपत की खेड़ी पुलिया के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से सभी को चित्तौड़गढ़ के डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल लेकर आए। डॉक्टर्स ने शत्रुघ्न और सरिता को मृत घोषित कर दिया और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। तीनों बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया।
बिहार से लौट रहा था परिवार-
बेटे तेजस्वी ने पुलिस को बताया कि वे पांचों बिहार किसी परिजन के एक आयोजन में भाग लेने गए थे। वहां से अहमदाबाद लौटते समय हादसा हो गया। वह और जानकारी नहीं दे पाया। बिहार में सरिता तिवारी का मायका है।
दोनों बेटियां सिर पर चोट लगने के कारण बेहोश थीं और उनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। तेजस्वी के पांव में फ्रैक्चर है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।