देवास। शासन-प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी गरीबों के चावल की कालाबाजारी रुकने का नाम नहीं ले रही है। ऐसा ही एक मामला विजयागंज मंडी पुलिस ने उजागर किया है। जिसके चलते शाजापुर से करीब 30 टन पीडीएस का चावल भरकर गुजरात के लिए निकले एक ट्रक को पुलिस ने जब्त कर खाद्य विभाग को सौंप दिया। चावल से भरा ट्रक थाना परिसर में खड़ा कर दिया है। जानकारी के अनुसार बुधवार को सुबह करीब 11 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक जीजे 17 एक्स एक्स 6688 शाजापुर से चावल की बड़ी खेंप लेकर निकला है, जो गुजरात जाएगा। पुलिस ने ट्रक को विजयागंज मंडी के नजदीक धरदबोचा और थाने ले आए। जब चालक से दस्तावेज मांगें तो उसने सिर्फ एक बिल दिखाया, जो उज्जैन का था। चावल परिवहन के अन्य दस्तावेज नहीं बता पाया। मामला गरीबों के चावल से जुड़ा था। इसीलिए खाद्य विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद खाद्य निरीक्षक भानसिंह राय टीम के साथ पहुंचे और मौका पंचनामा बनाया। साथ ही उक्त चावल कहां से आया और कहां जा रहा था, इसकी भी जांच शुरु कर दी गई है। बताया जा रहा है कि उक्त ट्रक में करीब 30 टन चावल भरा है।