शिवपुरी। जिले के बैराड थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौद रोड पर आज ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकडा है। उक्त पटवारी सीमांकन के एवज में 20 हजार रूपए की मांग कर रहा था। लेकिन 15 हजार रुपये में सौदा तय हुआ और लोकायुक्त ने 15 हजार की रिश्वत लेते हुए पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
आपको बता दें कि फरियादी उम्मेद आदिवासी निवासी खैरपुरा पंचायत खोदा की जमींन गांव में है। इस जमींन पर सीमांकन के लिए फरियादी ने आवेदन किया। सीमांकन के करने के बदले पटवारी लीलाधर माहौर ने उससे 20 हजार की रिश्वत की मांग की। यह सौदा 15 हजार में तय हुआ और उसके बाद पीडित ने इसकी रिकॉडिंग कर मामला लोकायुक्त में भेजा। जहां लोकायुक्त की टीम ने आज बैराड पहुंचकर पटवारी को रुपये लेते रंगे हाथों दबौच लिया। जब पटवारी के हाथ धुलाए तो हाथों से कलर आ गया। जिसके चलते टीम ने उक्त पटवारी को गिरफ्तार कर लिया है।