मुरैना। जिले की अंबाह तहसील के परेड चौराहे पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफॉर्मर आग के गोले में तब्दील हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग और दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि रहवासियों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद तक कोई भी टीम मौके पर नहीं पहुंची।
आग लगने से एडवोकेट कॉलोनी के लगभग 70 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। भीषण गर्मी के बीच बिजली बंद होने से लोगों को पेयजल व्यवस्था और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने जल्द से जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। वहीं आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।