चित्तौड़गढ़। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की ऐतिहासिक हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 जून को उदयपुर में भव्य हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुरूशती समारोह आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक हेमंत जैन के नेतृत्व में कुकड़ा रिसोर्ट में प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को भव्य, ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा कर दायित्वों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के विभाग संयोजक विश्वनाथ टांक ने बताया कि यह महाआयोजन उदयपुर स्थित महाराणा भूपाल स्टेडियम में आयोजित होगा। समारोह के माध्यम से महाराणा प्रताप की वीरता, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में स्वागत, बैठक व्यवस्था, यातायात एवं प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने के लिए जिले के प्रमुख संतों, खिलाड़ियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह समारोह महाराणा प्रताप की गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगा।