नीमच। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आईसीएआई नीमच शाखा द्वारा विकास नगर स्थित शाखा परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सीए सदस्यों, सीए विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन बचाने के अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने भाग लेकर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
आईसीएआई नीमच शाखा के अध्यक्ष सीए राजकुमार गोयल ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय दान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
शाखा पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित से जुड़े ऐसे आयोजनों से सेवा और सहयोग की भावना को बल मिलता है। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, सदस्यों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में 35 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया था। आयोजन शाम 4 बजे तक जारी रहा।