गरोठ/भानपुरा। भानपुरा क्षेत्र के धुंआखेड़ी रेलवे ट्रैक के पास एनडीपीएस एक्ट के एक फरार आरोपी की चलती ट्रेन से कूदने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान अब्दुल सलाम (60) निवासी कोटा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिश्रौली थाना पुलिस एनडीपीएस प्रकरण के फरार आरोपी अब्दुल सलाम को गिरफ्तार कर जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस (ट्रेन क्रमांक 12466) से न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर आ रही थी। इसी दौरान भानपुरा के समीप धुंआखेड़ी क्षेत्र में आरोपी अचानक चलती ट्रेन से कूद गया।
चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शामगढ़ जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस के अनुसार मृतक एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। फिलहाल शामगढ़ जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है।