भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून 15 से 18 जून के बीच प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इंदौर और जबलपुर संभाग के रास्ते मानसून के प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। इससे पहले प्री-मानसून गतिविधियों के कारण कई क्षेत्रों में मौसम लगातार बदल रहा है।
मंगलवार को नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, शहडोल और बालाघाट समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और महाकौशल-विंध्य क्षेत्र में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
दूसरी ओर 10 और 11 जून को भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में लू चलने की चेतावनी दी गई है। सोमवार को मंडला प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो सक्रिय मौसम प्रणालियों और अरब सागर से आ रही नमी के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 2 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर और उज्जैन संभाग में भी आने वाले दिनों में बारिश होने से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।