इंदौर | राऊ विधानसभा क्षेत्र की देवेंद्र नगर कॉलोनी के रहवासियों ने आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। रविवार को कॉलोनी के सैकड़ों रहवासियों ने हाथों में बैनर लेकर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने के नारे लगाए। रहवासियों ने तय किया है विधानसभा चुनाव में किसी भी प्रत्याशी के जनसंपर्क करने पर दरवाजा ही नहीं खोला जाएगा। वोट के बजाय नोटा को प्राथमिकता दी जाएगी। राऊ विधानसभा क्षेत्र की यह पहली कॉलोनी है, जिसके रहवासियों ने चुनाव में भाजपा या कांग्रेस को वोट नहीं देने का संकल्प लिया है।
81 - नंबर वार्ड की कॉलोनी विधानसभा क्षेत्र राऊ
2000 - के करीब आबादी है देवेंद्र नगर कॉलोनी की
यह अड़चन... कॉलोनी को डी-नोटिफाई नहीं किया जा रहा
इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा पूर्णत: विकसित हो चुकी कॉलोनी को आईडीए द्वारा डी-नोटिफाई नहीं किया जा रहा है। इस वजह से नगर निगम द्वारा नियमित नहीं किया जा रहा है। आईडीए ने कई बार रहवासियों को एनओसी दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन अधिकारियों द्वारा अनापत्ति जारी नहीं की जा रही है।
लंबा इंतजार... 14 साल पहले मुक्त करने का संकल्प पारित
आईडीए ने देवेंद्र नगर को स्कीम नंबर 141 के तहत अधिग्रहित किया था। केसरबाग ब्रिज बनाने के लिए यह योजना जारी की गई थी। ब्रिज कई साल पहले बन चुका है। इसके बावजूद कॉलोनी को मुक्त नहीं किया जा रहा है। खुद आईडीए के संचालक मंडल ने 10 अक्टूबर 2009 को बोर्ड बैठक में कॉलोनी को मुक्त करने का संकल्प पारित किया था।
असल वजह... लंबी प्रक्रिया बताकर आईडीए उलझा रहा
पूर्व आईडीए अध्यक्ष मधु वर्मा, पार्षद अभिषेक शर्मा बबलू भी आईडीए चेयरमैन जयपाल सिंह चावड़ा, सीईओ रामप्रकाश अहिरवार से मिले थे। रहवासियों को आश्वस्त भी किया था। बाद में चेयरमैन ने ही लंबी प्रक्रिया होने का हवाला दे दिया। उधर, चावड़ा का कहना है, मामला जानकारी में है। एनओसी के लिए बोर्ड बैठक में इस मुद्दे को रखेंगे।
और लोग भी हैं नाराज... तुलसी नगर के रहवासी भी चुनाव का बहिष्कार कर चुके
सरकार द्वारा पहले चरण में वैध की गई कॉलोनियों में तुलसी नगर का नाम नहीं आने पर वहां के रहवासी भी चुनाव के बहिष्कार का ऐलान कर चुके हैं। नियमित नहीं करने के विरोध में रहवासियों ने पिछले महीने की 23 तारीख को विरोध प्रदर्शन किया था। वोट नहीं डालने का संकल्प लिया।