नीमच। जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनिल चौरसिया ने एक जानकारी में बताया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के मार्गदर्शन में जिले की प्रभारी नूरी खान से विचार विमर्श करने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में कांग्रेस की वृहद स्तर पर तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। इसके लिए पूरे जिले में विधानसभा के अनुसार सभी मंडलम सेक्टर एवं बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ अनुभवी ट्रेनर द्वारा बूथ लेवल एवं पन्ना प्रमुख स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमें प्रत्येक वार्ड एवं प्रत्येक बूथ तक कार्यकर्ताओं की पहचान करके उन्हें मतदान केंद्र तक ले जाने का कार्य किया जाएगा तथा आम मतदाताओं तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वचन पत्र को पहुंचा कर उन्हें चुनाव के लिए तैयार किया जाएगा।
चौरसिया ने बताया है कि नीमच जावद एवं मनासा विधानसभा के लिए विस्तृत कार्यक्रम बना लिया गया है तथा शीघ्र ही प्रशिक्षण का स्थान एवं दिनांक की घोषणा की जाएगी। इस बार प्रत्याशी कोई भी हो केवल हाथ के पंजे के निशान पर कांग्रेस को विजई बनाने का संकल्प लेते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी टीम की घोषणा के बाद पार्टी को मजबूत करने एवं चुनाव में विजई होने का कार्यक्रम बना लिया है। प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार जिले के संगठन मंत्री मंडलम एवं सेक्टर के कार्यकर्ताओं को प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रेषित निर्देशिका का वितरण करते हुए उन्हें प्रशिक्षण की जानकारी दी जा रही है। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस संगठन मंत्री बृजेश मित्तल एवं जिले के प्रवक्ता भगत वर्मा द्वारा दी गई है।