ग्वालियर। एक 22 वर्षीय महिला की उसके पति ने हत्या कर दी। चाय बनाने में देरी होने पर पहले दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद पति ने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। पत्नी के विरोध करने पर आरोपी पति ने गुस्से में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार सुबह थाटीपुर गांव की है। घटना का पता चलते ही महिला के मायके पक्ष के लोग व पुलिस मौके पर पहुंची।
पहले तो ससुराल पक्ष उसे संदिग्ध मौत बताता रहा, लेकिन गले पर कसने के निशान स्पष्ट नजर आने के बाद पुलिस ने उसके पति को निगरानी में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस जांच कर रही है कि झगड़ा सिर्फ चाय बनाने को लेकर हुआ था या फिर कोई दूसरा कारण है। दोनों की शादी दो साल पहले ही हुई थी।
ग्वालियर के पास चंदूपुरा गांव की साधना रजक 22 वर्ष की शादी दो साल पहले ग्वालियर के थाटीपुर गांव निवासी मोहित रजक 27 वर्ष के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। मोहित एक लाउंड्री में जॉब करता है। शादी के कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन एक साल से उनके बीच खटपट शुरू हो गई थी। छोटी-छोटी बातों पर दोनों के बीच झगड़े होने लगे थे। मंगलवार सुबह दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। शोर सुनकर अन्य परिजन आए थे और समझाकर चले गए, लेकिन इसके बाद भी साधना और मोहित के बीच विवाद थमा नहीं था।
परिजन लौटे तो साधना की लाश कमरे में पड़ी थी। वे ये देखकर घबरा गए। साधना के मायके पक्ष को सूचना दी। मायके पक्ष के पहुंचते ही पुलिस को सूचना दी गई। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी मनीष धाकड़ अपनी टीम के साथ घटना स्थल पहुंच गए। प्रारंभिक पड़ताल में महिला के गले पर उंगलियों के निशान व शरीर पर मारपीट के चोट के निशान से साफ हो गया था कि यह हत्या का मामला है।