नीमच। जिले में इन दिनों कई स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आ रही है। ऐसा ही एक मामला मनासा से सामने आया है। यहां मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात में दो चोरों ने मनासा कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित व्यापारी के एक गोदाम से लहसुन के बोरे चुराने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस के आने की आहट से चोर घबराकर मौके से माल और अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मंडी व्यापारी राजू पोरवाल के मनासा कृषि उपज मंडी के पीछे की तरफ बने गोदाम से दो अज्ञात चोर देर रात में चोरी की नियत से पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने गोदाम के ताले तोड़कर लहसुन के बोरे उठाकर बाहर भी ले आए। मगर चोरों के मंसूबों पर तब पानी फिर गया जब चोरों को पुलिस के आने की आहट हुई।
चोर मौके से अपनी बाइक और चुराया हुआ माल छोड़कर भाग गए। दरअसल पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी, इस पर तत्काल डायल 100 व चीता मोबाइल टीम ने अज्ञात चोरों का पीछा किया। लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर सांडिया रोड पर गोदाम से कुछ दूरी पर लहसुन के बोरे व बाइक छोड़ खेतों में भाग निकले। पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर की बाइक और लहसुन के कुछ बोरे जब्त किए। पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। गोदाम पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देने की पूरी घटना कैद हो गई है।