ग्वालियर। जिले में रिश्तों का कत्ल और शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। गैस एजेंसी पर काम करने वाले एक 45 वर्षीय युवक ने अपनी 16 साल की बीमार बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। पिता ने बेटी को दवा खाने के लिए दी, जिसके बाद वह बेसुध होने लगी। इसी समय पिता ने उसे अपनी गंदी सोच का शिकार बना लिया।
घटना झांसी रोड के लभेड़पुरा में 9 अगस्त की है। मां के लौटते ही 15 अगस्त को पीड़ित नाबालिग झांसी रोड थाना पहुंची और शिकायत की है। पुलिस ने आरोपी बाप पर मामला दर्ज कर लिया है।
शहर के झांसी रोड इलाके में रहने वाली सोलह वर्षीय रानी (बदला हुआ नाम) 11 वीं कक्षा की छात्रा है। थाना पहुंचकर छात्रा ने शिकायत की है कि वह माता-पिता व छोटे भाई के साथ रहती है। कुछ दिन पहले मां, मामा से मिलने के लिए अहमदाबाद गई थी और वह तथा उसका छोटा भाई व पिता घर पर थे। पिता गैस एजेंसी पर कर्मचारी है। 09 अगस्त को उसकी तबियत खराब थी तो वह घर पर आराम कर रही थी, छोटा भाई स्कूल गया था। इसी बीच उसके पिता घर आए और उसे खाने के लिए कुछ दवाएं दीं और कहा कि कुछ ही देर में आराम मिल जाएगा।
बेसुध होने के बाद किया रेप-
पिता द्वारा दी गई दवा खाने के कुछ देर बाद छात्रा बेसुध होने लगी तो वह अपने बिस्तर पर लेट गई। इसके बाद उसके पिता पास में आकर लेट गए और उसके साथ गलत काम किया। नशा होने के कारण वह विरोध नहीं कर पा रही थी। पिता ने उसे अपनी गंदी सोच का शिकार बनाते हुए दुष्कर्म कर दिया।
शोर मचाने पर भागा आरोपी-
छात्रा ने पुलिस को बताया कि हाथ-पैर सुन्न की स्थिति में थे तो मैंने पूरी ताकत एकत्रित कर शोर मचाया। इससे आरोपी घबरा गया और उसे छोड़कर कमरे से चला गया। देर रात जब उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ तो उसने मां को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही मां वापस आई और बेटी को लेकर एक दिन पहले थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
मां-बेटी के थाने जाते ही हुआ फरार-
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी तो पता चला कि मां व बेटी के थाने जाने का पता चलते ही पिता फरार हो गया है, अब पुलिस उसके संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।
इनका कहना-
इस मामले में टीआई झांसी रोड राशिद खान ने बताया कि नाबालिग पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है, आरोपी अभी फरार है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।