मनासा। मनासा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रावतपुरा में गुरुवार रात 8 बजे बड़े भाई ने छोटे भाई के ऊपर पत्थर से जानलेवा हमला कर ग़म्भीर घायल कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार रावतपुरा निवासी पवन कीर चौराहे पर सरेआम शराब पी रहा था। तभी छोटा भाई धनराज पिता शंकरलाल कीर उम्र 22 वर्ष अपने बड़े भाई को समझाने के लिए गया। नशे की हालत में पवन कीर ने पत्थर उठाकर उसके उपर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में धनराज कीर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर में चोटे आई। खून से लथपथ धनराज देर रात मनासा थाना पहुंचा व अपने बड़े भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। वहीं पुलिस उक्त घायल युवक को मनासा शासकीय अस्पताल लेकर पहुंची व घायल का उपचार करवाया। मनासा थाना पुलिस ने बड़े भाई के खि़लाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है।