मुरैना। जिला अस्पताल अब पूरी तरह से असुरक्षित हो गया है। यहां कभी भी कोई भी वारदात हो सकती है और सुरक्षा गार्ड के नाम पर खानापूर्ति की गई है। मेडिकल वार्ड में तीन चार बदमाशों ने मरीज को देखने के बहाने एक लड़की पर अभद्र भाषा और गंदे कमेंट किए। लड़की द्वारा विरोध करने पर उसके भाई को कट्टा दिखाकर धमकी दी। उक्त घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरें में कैद हो गई है। अब पुलिस द्वारा कार्यवाई की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार मुरैना के गडोरा निवासी युवक की बहन मेडिकल वार्ड में भर्ती थी, जहां बगल से ही सांगोली गाँव की एक महिला भी भर्ती थी। कल तीन-चार युवक उक्त महिला को देखने आए, तभी फरियादी की बहन वहां से गुजरी तो आरोपियों ने उस पर अभद्र एवं गंदे कमेंट किए। जब लड़की के भाई ने घटना का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली गलौज कर मारपीट की और तमंचा लहराकर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से वार्ड में दहशत फैल गई और आरोपी वहां से भाग निकले। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फरियादी द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल में आए दिन इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन एवं पुलिस का कोई खौफ लोगों में नहीं है। आए दिन नर्स स्टाफ के साथ भी मारपीट की घटनाएं हो रही है, जब के अस्पताल में पुलिस चौकी मौजूद है, परंतु वहां नाम मात्र के 1-2 कर्मचारी ही तैनात रहते हैं, जिससे अपराध करने वाले आरोपी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे जाते हैं।