दतिया। जिले के लांच थाना अंतर्गत गांव कुलैथ के सरकारी स्कूल से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। 7वीं की छात्राओं ने स्कूल की प्राचार्या पर आरोप लगाया है कि टीचर ने उसे मोबाइल में अश्लील फिल्म दिखाई और पुरुष शिक्षक से बात करने को मजबूर किया। फिलहाल छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
एफआईआर में स्टूडेंट ने बताया कि वो और उसकी तीन सहेलियां और वो 7वीं कक्षा में पढ़ते हैं। एक दिन प्राचार्य मीना जाटव ने उससे कहा कि तुम ब्रजेश सर से बात कर लो वो तुम्हें पास करवा देंगे और हर महीने 500 रुपए भी देंगे। प्रिंसिपल ने मुझे लंच टाइम में अश्लील वीडियो दिखाई और जबरदस्ती टीचर से बात करवाई। साथ ही ये बात किसी को भी बताने पर स्कूल से नाम काटने की धमकी भी दी। इसकी जानकारी छात्रा ने घर जाकर परिजनों को दी। इस पर सोमवार को थाने में प्रिंसिपल मीना जाटव और टीचर ब्रजेश राजपूत पर केस दर्ज किया गया है।
बच्ची की मां का कहना है कि बच्चियों को पैसों का लालच देकर टीचर के बात करने को कहती हैं। ऐसा सिर्फ एक नहीं हर बच्ची से कहती है। मुझे घर आकर मेरी बच्ची ने बताया कि प्रिंसिपल मेम ने कहा कि बात करने पर टीचर पास कर देंगे और ये बात घर पर बताने पर स्कूल से निकालने की धमकी भी दी।
जिला शिक्षा अधिकारी यूएन मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। महिला टीचर ने बच्ची से गलत बात की है। इसके बारे में जांच की जा रही है। इसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। शिक्षक माध्यमिक स्कूल में पदस्थ है। उनकी जानकारी निकाली जा रही है।
एएसपी सुनील कुमार शिवहरे ने बताया कि सोमवार शाम कुलैथ स्कूल की कुछ बच्चियों ने शिकायत की थी उनकी प्रिंसिपल उन्हें अकेले में ले जाकर वीडियो दिखाती है और गंदी बातें भी करती है। शिकायत की जाँच की गई तो सही पाई गई। इसे आधार पर आईपीसी की धाराओं में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि इनकी शीघ्र गिरफ्तारी करके न्यायालय में पेश किया जाए।