रामपुरा। भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा का आगाज नीमच जिले से कल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया था। यह यात्रा कल जिले के जावद विधानसभा पहुंची। रात्रि विश्राम के बाद आज मनासा विधानसभा में प्रवेश किया। विधानसभा के अंतिम गांव रावली कुड़ी में जैसे ही पहुंची तो यह पथराव की घटना हो गई। पथराव किसके द्वारा किया गया यह अभी अज्ञात हैं। वहीं पथराव में कई गाड़ियों के कांच फूट गए।
रामपुरा क्षेत्र में सरकार द्वारा चीता प्रोजेक्ट की तहत काम किया जा रहा हैं। जिसके कारण वन विभाग द्वारा तार फेंसिंग की गई हैं। तार फेंसिंग करने के कारण क्षेत्र में पशुपालकों के लिए बड़ी समस्या पैदा हो गई। जिसको लेकर ग्रामीणों द्वारा लगातार समस्या के निराकरण की आवाज भी उठाई गई। वहीं बीते सोमवार को ग्रामीणों ने समस्या को लेकर ज्ञापन भी दिया था।
ग्रामीणों की मांग हैं कि रामपुरा के गांव मजीरिया से लगाकर रावली कुड़ी तक के 08 गाँवो के पशुपालकों के सामने पशुओं को चराने की समस्या आ गई हैं क्योंकि चीता प्रोजेक्ट के कारण विभाग ने तार फेंसिंग कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि हमारे हजारों मवेशियों को हम कहां चराने जाए। जिसको लेकर जैसे ही जन आशीर्वाद यात्रा यहां पहुंची तो ग्रामीणों ने अपनी बात रखना चाही लेकिन किसी ने भी इनकी बात नहीं सुनी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने गाड़ियों पर पथराव कर दिया। जिसके कारण कई गाड़ियों के कांच टूट गए।
घटना की जानकारी लगते ही भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौका स्थल पहुँच गए। वहीं जनआशीर्वाद यात्रा भी मंदसौर जिले के गांधीसागर में प्रवेश कर लिया हैं। मनासा विधानसभा के भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी वहां से रवाना हो गए। घटनास्थल पर मनासा, रामपुरा और कुकड़ेश्वर थाने की पुलिस मौजूद हैं।