मनासा। मनासा-मंदसौर मार्ग पर लोड़किया के पास कल रात में भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर घायल हैं। जिसे उदयपुर रैफर किया गया हैं घायल युवक की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही हैं। दोनों युवक रिश्ते में भाई हैं। वहीं घटना के बाद आज आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंदसौर-मनासा मार्ग पर लोड़किया के यहां चक्काजाम कर दिया हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात 9 बजे के करीब दो सड़क हादसे हो गए। आंतरीमाता फंटे पर मनासा से अपने घर लौट रहे बाइक सवार आंकली निवासी दीपक पिता गोपाल मेघवाल को वेगनआर कार नो जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही मनासा थाने की 108 मौके पर पहुंची एवं घायल को लेकर शासकीय अस्पताल मनासा पहुंची। इसी दौरान मनासा मारुती शोरूम में काम करने वाला नरेंद्र मेघवाल भी मनासा से गांव आंकली जा रहा था। सड़क पर हुई दुर्घटना को देखने जैसे ही नरेंद्र रुका तो तेज़ रफ़्तार स्विफ्ट कार ने नरेंद्र को जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर खड़ी पुलिस युवक को मनासा अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जिसका आज सुबह पीएम कर शव परिजनों को सौंपा।
दुर्घटना के बाद गाँव आंकली में मातम पसर गया। परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने मनासा-मंदसौर मार्ग पर लोड़किया फंटे पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों व ग्रामीणों की मांग हैं कि टक्कर मारने वाले दोनो अज्ञात कार चालक को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
सूचना पर मनासा तहसीलदार बीके मकवाना और थाना प्रभारी एस के यादव मौके पर पहुंचे। परिजनों व ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। तीन दिन में कार्यवाही के आश्वाशन के बाद चक्काजाम खोल दिया गया।