नीमच। पूज्य आचार्य भगवंत श्री प्रसन्नचंद्र सागर सूरीजी मसा मुनि श्री पावनचंद्र सागरजी मसा एवं पूज्य साध्वीजी श्री भद्रपूर्णा श्रीजी मसा आदि ठाणा 4 की निश्रा में चातुर्मास निरंतर गतिमान है। आचार्य भगवंत की निश्रा में पर्यूषण महापर्व बहुत ही धूमधाम से सानंद संपन्न हुए। श्री जैन श्वेतांबर भीडभंजन पार्श्वनाथ मंदिर ट्रस्ट श्री संघ नीमच द्वारा पर्युषण पर्व की समाप्ति के पश्चात आज सुबह जैन भवन से एक भव्य रथयात्रा निकली। जिसमें जिनशासन में जो महान पराक्रमी राजाए हुए हैं जिन्होंने जिनशासन के बहुत सुंदर प्रभावना कि हैं ऐसे महाराजा एवं पांच महासतियाजी अलग-अलग बग्घी में विराजमान रहे। वरघोड़े में गुजरात के ढोल एवं शहनाइयां, सुंदर झांकीयां आकर्षण का केंद्र रही। जैन समाज के युवक एवं युवतियों ने ढोल नगाड़े और भक्ति गीतों पर जमकर नृत्य किया। वरघोड़ा जैन भवन से प्रारंभ होकर वीरपार्क रोड, कमल चौक, बारादरी, घंटाघर भीड़भंजन मंदिर होते हुए वापस जैन भवन पर पहुंचकर धर्मसभा में संपन्न हुआ। इस दौरान कलेक्टर दिनेश जैन,समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।