नीमच। जिले के महू-नसीराबाद हाईवे पर स्थित जमुनिया कलां गांव में बाइक सवार दो युवकों को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक व्यक्ति का पांव बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात मंदसौर जिले के चंगेरी गांव निवासी देवीलाल पिता बद्रीलाल और दीपक पिता रामस्वरूप बाइक से मल्हारगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान जमुनिया कला गांव के पास तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बस ड्राइवर फरार हो गया। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को बुलाया और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।