चुनावी आचार संहिता के चलते वाहन चेकिंग अभियान में दलौदा पुलिस ने कंटेनर से 62 लाख कीमत की 581 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से ट्रक चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि अवैध शराब गुजरात ले जाई जा रही थी। दलौदा थाना प्रभारी संजीव सिंह परिहार से मिली जानकारी के अनुसार, आचार संहिता के चलते वाहनों का तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। रविवार की देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर से बड़ी मात्रा में शराब तस्करी की जाने वाली है। तुरंत करवाई की जाए तो अवैध शराब की बड़ी खेप हाथ लग सकती है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महु-नीमच हाइवे रोड कचनारा चेक पोस्ट पर कंटेनर वाहन नम्बर आरजे 14 जीएल 1819 को नाका बंदी कर रोका। पुलिस ने कंटेनर का ड्राइवर शंभुसिंह पिता नानुसिंह दरोगा राजपूत (30) निवासी जैतगढ, थाना बदनौर, जिला भीलवाड़ा राजस्थान और रामप्रसाद पिता नानुराम खटीक (32) निवासी जैतगढ, थाना बदनौर, जिला भीलवाड़ा राजस्थान को हिरासत में लिया। कंटेनर की तलाशी के दौरान अंग्रेजी शराब की 581 पेटियां भरी मिली। शराब के परमिट के बारे में दोनों आरोपी कोई जानकारी नहीं दे पाएं। मामले में पुलिस ने शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही हैं।