चित्तौड़गढ़। घर में सो रही महिला के साथ लूट की वारदात हुई है। लुटेरे महिला के गले और कान से गहने छीनकर भाग गए। महिला के पति और बेटे ने बदमाश लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। मामला चंदेरिया थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोवर्धन लाल पुत्र ऊंकार जाट ने शिकायत में बताया कि वो, उनकी पत्नी नारायणी और बेटा मुकेश जाट तीनों सो रहे थे। अल सुबह कुछ अज्ञात बदमाश घर में घुसे और पत्नी नारायणी के गले में पहना आधा तोला सोने का मांदलिया, कानों में आधा तोला के सोने के टॉप्स खोल लिए। चिल्लाने पर चार बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन मारपीट कर सोने के गहने लूटकर भाग गए।
समीप के ग्राम में भी हुई लूट की वारदात-
घटना के करीब आधे घंटे बाद पास के ही गांव गारीयावास मौहल्ला में शंकर दास वैष्णव की पत्नी कमला बाई के साथ लूट की घटना घटित हुई। कमला बाई भी अपने मकान में सो रही थी। उनके भी कान से सोने के टॉप्स, चांदी की अंगूठी और दो मोबाइल बदमाश चोरी कर ले गए। कमलाबाई ने जब इसका विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट की। नारायणी बाई और कमलाबाई के कानों से टॉप्स खोलने की वजह से दोनों घायल हो गई। दोनों परिवार की ओर से रिपोर्ट चंदेरिया थाने में दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत इस पर कार्रवाई शुरू कर दी है।