रतलाम। जिले के गांव सेजावता में शासकीय विद्यालय के शिक्षक पर छात्राओं ने मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विद्यालय की छात्राओं ने चाइल्ड लाइन में शिकायत और काउंसिलिंग के बाद रतलाम के औद्योगिक थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। शिक्षक पर आरोप है कि भूगोल की पढ़ाई करवाते समय छात्र-छात्राओं को उसने अपने मोबाइल फोन में अश्लील वीडियो क्लिप दिखाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला सेजावता गांव का है। यहां मिडिल स्कूल में भूगोल पढ़ाने वाले शिक्षक फूल सिंह भगोरा पर दो छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाया है। आरोपी शिक्षक मोबाइल फोन में सौरमंडल से संबंधित जानकारी का वीडियो दिखाने के बहाने छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखा रहा था। छात्राओं ने इसकी शिकायत चाइल्ड लाइन के हेल्पलाइन नंबर पर की। हालांकि, आरोपी शिक्षक इस मामले को षड्यंत्र पूर्वक की गई कार्यवाई करार देते हुए खुद को बेगुनाह बता रहा है।