खरगोन। त्योहारी सीजन के चलते मंगलवार को बाजार में रौनक रही। करवाचौथ के मद्देनजर मिट्टी से बने करवों की जमकर बिक्री हुई। कपड़ों की दुकानों, ज्वैलरी और ब्यूटी पार्लर में भी महिलाओं की आवाजाही होती रही। नई-नवेली दुल्हनों में करवाचौथ को लेकर खासा उत्साह दिखा।
बुधवार को करवाचौथ का व्रत है। इस दिन महिलाएं पति की दीर्घायु की कामना करते हुए निर्जला व्रत धारण करती हैं और शाम को चांद को देख कर व्रत तोड़ती हैं। शहर में कपड़ों की दुकान से लेकर ब्यूटी पार्लर, ज्वैलरी और सौंदर्य-प्रसाधन की दुकानों में महिलाओं की आवाजाही अधिक रही।
पहली बार व्रत धारण करने जा रही नई-नवेली दुल्हन इस मौके को खास बनाने में जुटी रहीं। ब्यूटी पार्लर में मेकअप कराने से लेकर हाथों में मेहंदी बनाने के लिए महिलाएं भी खूब पहुंची। जहां उन्होंने एक से बढ़कर एक मेहंदी से डिजाइनें बनवाई।
शहर में नगर पालिका कार्यालय के असपास मिट्टी के करवे और दीपक बेचने वालों की 50 से अधिक दुकानें लगी हैं। सराफा बाजार सहित पोस्ट ऑफिस चौराहे और राधावल्लभ मार्केट में महिलाओं की चहल-पहल अधिक रही।