रतलाम। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद रतलाम जिले में पुलिस और एफएसटी की अलग-अलग कार्यवाहियों में 25 करोड रुपए मूल्य के सोने चांदी के आभूषण और कैश जप्त हुआ था । जिसे लेकर आज रतलाम के जावरा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच से पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को चेतावनी दी है । मुख्यमंत्री ने कहा कि त्यौहार का समय आने वाला है। ऐसे में व्यापारी नगद और सोने चांदी के आभूषण लाते और ले जाते हैं। व्यापार को कोई आचार संहिता नहीं रोक सकती है। चेकिंग के नाम पर यदि व्यापारियों को परेशान किया तो मैं ठीक कर दूंगा। गौरतलब है कि सराफा बाजार व्यापारियों ने पुलिस और प्रशासन की कार्यवाही से नाराज होकर मतदान का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया था। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा तो मंच से ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया है।
दरअसल जिले में हाईवे एवं राजस्थान राज्य की सीमाओं पर बनाए गए चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान अब तक 24 करोड रुपए मूल्य के सोने चांदी के आभूषण एवं लाखों रुपए नगद बरामद किए गए हैं। रतलाम पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा ने बताया कि सभी चेक पोस्ट पर लगातार चेकिंग की जा रही है। जिसमें इतनी बड़ी मात्रा में नगद और सोना चांदी अवैध रूप से परिवहन करते हुए पकड़े गए हैं। इन मामलों में प्रकरण दर्ज करने के साथ ही आयकर विभाग और जीएसटी को भी जानकारी भेजी गई है। हालांकि पुलिस और प्रशासन की कार्यवाही से नाराज होकर रतलाम के सराफा बाजार व्यापारियों ने मतदान के बहिष्कार का ऐलान कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को चेकिंग के नाम पर परेशान नहीं किए जाने के निर्देश दिए हैं।