खरगोन। विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिए 21 से 30 अक्टूबर तक जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों से कुल 70 प्रत्याशियों ने अपने नाम निर्देशन पत्र जमा किए थे। मंगलवार को प्रेक्षकों की मौजूदगी में रिटर्निंग ऑफिसर ने प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्रों की जांच की। इस दौरान अपूर्ण या त्रुटिपूर्ण पाए जाने के कारण 10 प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्र निरस्त कर दिए गए हैं।
इस प्रकार जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों से 60 प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्र सही पाए गए हैं। चुनाव नहीं लड़ने वाले प्रत्याशी 2 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी के बाद शेष बचे प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएंगे।
17 नवंबर को जिले के 1541 मतदान केंद्रो पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदाताओं ने डाले गये मतों की गणना 3 दिसंबर को होगी। निर्देशन पत्रों की जांच के दौरान विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-181 भीकनगांव से निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. ध्यानसिंह सोलंकी, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-183 महेश्वर से रितेश रोकड़े, अनिता मण्डलोई, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-184 कसरावद से राजाराम खाण्डे, केशरीलाल छगनलाल, संजय सोलंकी, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-185 खरगोन से सुभी जोशी, जाकिर हुसैन दुर्रानी एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-186 भगवानपुरा से कमला डावर व भागीरथ बड़ोले के नाम निर्देशन पत्र निरस्त कर दिए गए हैं।
नाम निर्देशन पत्रों की जांच के बाद विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-181 भीकनगांव से 6, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-182 बड़वाह से 11, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-183 महेश्वर से 14, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-184 कसरावद से 7, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-185 खरगोन से 15 और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-186 भगवानपुरा से 07 प्रत्याशियों के फॉर्म सही पाए गए हैं।