गुना। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तरूण राठी द्वारा विधानसभा निर्वाचन 2023 से संबंधित दिनांक 03 दिसम्बर 2023 को मतगणना से संबंधित पूर्व तैयारियों के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रथम कौशिक, अपर कलेक्टर मुकेश कुमार शर्मा सहित समस्त रिटर्निंग आफिसर उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मतगणना से संबंधित समीक्षा बैठक के दौरान सर्वप्रथम सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मतगणना स्थल पर लगने वाली टेबल का आंकलन किया जावे और मतगणना टेबल के मान से मैन पावर प्लानिंग करें। जिसमें गणना सुपरवाईजर, गणना सहायक एवं माईक्रो ऑब्जर्वर आदि की संख्या का आंकलन कर लिया जावे। इसी प्रकार मतगणना के दौरान टेबुलेशन कार्य में लगने वाली टीम की प्लानिंग भी की जावे। ईव्हीएम की गणना से पूर्व डाक मतपत्र की गणना होगी, इसके लिए पृथक से टेबल व्यवस्था एवं मतगणना सुपरवाईजर एवं मतगणना सहायक की संख्या के संबंध में आंकलन करें। अभ्यर्थियों की सहमति से समय पूर्व मतगणना एजेंट के प्रस्ताव भी प्राप्त कर लिये जावें।
इसी प्रकार मतगणना से संबंधित मतगणना सुपरवाईजर, मतगणना सहायक, माईक्रो ऑब्जर्वर, कम्युनिकेशन टीम, ईव्हीएम मशीन की सीलिंग से संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण का भी प्लान तत्काल तैयार करें। मतगणना स्थल पर सीसीटीव्ही कैमरे एवं मीडिया सेल दूरभाष व्यवस्था, मतगणना कक्ष में बैठक व्यवस्था, मतगणना स्थल पीजी कॉलेज गुना परिसर को नो-व्हीकल जोन के संबंध में विस्तृत रूप से चर्चा की गयी। इसी प्रकार मतगणना स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस व्यवस्था से संबंधित आवश्यक तैयारियों के बारे में चर्चा की गयी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।