भोपाल। मतगणना की तैयारियों के बीच मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने रायसेन जिले में बनाए गए स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की तैयारियों का जायजा लिया है। रायसेन कलेक्टर अरविंद दुबे की मौजूदगी में व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा है कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) के अधीन ही रहना चाहिए। जहां बैलेट पेपर रखे हैं वहां और मतगणना स्थल पर कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी को दो बार विजिट करना होगा। यह निर्देश प्रदेश के सभी जिलों में मतगणना व्यवस्थाओं में प्रभावी होंगे।
सीईओ राजन के अनुसार मतगणना 3 दिसम्बर को सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ शुरू होगी। सुबह 8रू30 बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी। जिला निर्वाचन अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि स्ट्रांग रूम में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल की सुरक्षा व्यवस्था की जाये। मतगणना के दिन विद्युत की सतत् आपूर्ति हो और किसी भी वजह से मतगणना प्रभावित न हो। सभी मतगणना केन्द्रों में अग्निशमन यंत्र भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। मतगणना स्थल पर सभी व्यवस्थाएँ सुचारू तरीके से कर ली जाये। राजन ने कहा कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारी ईवीएम स्ट्रांग रूम और जिस जगह पर पोस्टल बैलेट रखा गया है, उसका प्रति दिन दो बार सुबह और शाम निरीक्षण करें। ईवीएम स्ट्रांग रूम और पोस्टल बैलेट की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे, यह कलेक्टरों को ध्यान रखना है।
राजन ने कहा कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारी अपने जिले की विधानसभा क्षेत्रों के लिये आवश्यकता के अनुरूप मतगणना टेबिल लगाएं। सभी मतगणना कर्मियों को विधिवत प्रशिक्षण दिया जाये, जिससे किसी भी स्तर पर मतगणना में देरी न हों। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक-एक माईक्रो ऑब्जर्वर भी नियुक्त करें।