डबरा। रेत के अवैध उत्खनन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लिधौरा घाट पर दबिश देकर एक एलएनटी मशीन और दो डंपर को जब्त किया है। जिन्हें पिछोर थाना परिसर में रखवाया गया है। पूरी कार्रवाई नायब तहसीलदार अनिल नरवरिया के नेतृत्व में की गई।
बता दें कि, डबरा अनुविभाग में रेत का अवैध उत्खनन लगातार जारी है। कई घाट ऐसे हैं जिनकी अनुमति के बिना वहां से उत्खनन जारी है। बीती रात नायब तहसीलदार अनिल नरवरिया को अवैध उत्खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद वह पुलिस बल के साथ पिछोर थाना क्षेत्र के लिधौरा घाट पहुंचे, जहां रास्ते में उन्हें रेत से भरे दो डंपर मिले।
जिन्हें चेक करने पर चालक किसी भी प्रकार की कोई रॉयल्टी नहीं दिखा पाए। इसके बाद उन्हें जब्त कर पिछोर थाने भिजवाया गया। इसके बाद प्रशासनिक अमला लिधौरा घाट पर पहुंचा, वहां अवैध उत्खनन करती एक एलएनटी मशीन भी दिखाई दी। जिसे तत्काल जब्त किया गया और घाट से लाकर पिछोर थाना परिसर में रखवाया गया।
कार्रवाई पर नायब तहसीलदार अनिल नरवरिया ने बताया कि अवैध उत्खनन की सूचना पर लिधौरा घाट पहुंचे थे। कार्रवाई में एक एलएनटी मशीन और दो डंपर जब्त किए गए। क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन नहीं होने दिया जाएग, कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।