शाजापुर। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को हुए मतदान की गणना 3 दिसंबर को होगी । शाजापुर में भी मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बुधवार को जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने स्थल का निरीक्षण किया।
बता दें कि पॉलिटेक्निक कॉलेज में शाजापुर,शुजालपुर और कालापीपल विधानसभा सभा चुनाव के बाद ईवीएम रखी गई है। यहां बने स्ट्रांग रूम के बाहर तीन स्तरों पर सुरक्षा के पहरे लगाए गए हैं। बुधवार को जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं जिला पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने आला अधिकारियों के साथ यहां का निरीक्षण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की जिला कलेक्टर ने बताया कि मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त हैं। साथ ही उन्होने कहा कि,मतगणना शाजापुर की 22 राउंड में वहीं शुजालपुर, कालापीपल की 19-19 राउंड में होगी।
गौरतलब है कि शाजापुर भाजपा से अरूण भीमावद तो कांग्रेस से हुकूम सिंह कराड़ा मैदान में है,वहीं शुजालपुर भाजपा से इंदर सिंह परमार तो कांग्रेस से रामवीर सिंह सिकरवार के बीच मुकाबला है वहीं कालापीपल से भाजपा के घनश्याम चंद्रवंशी तो कांग्रेस से कुणाल चौधरी का भाग्य ईवीएम में कैद है।