जबलपुर। हाईकोर्ट ने लोकायुक्त द्वारा पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस के विरुद्ध शिकायत निरस्त करने के रवैये को चुनौती देने वाली याचिका पर जवाब-तलब किया है। कोर्ट ने राज्य शासन व लोकायुक्त को चार सप्ताह का समय दिया है। याचिकाकर्ता बुरहानपुर निवासी बालचंद्र शिंदे का आरोप है कि चिटनीस ने बुरहानपुर कृषि मंडी समिति के तीन करोड़ रुपए शुगर फैक्ट्री लगाने में निवेश करवाए थे।
उनके द्वारा कोई शुगर फैक्टरी नहीं लगाई गई और राशि भी वापस नहीं की गई। कोर्ट ने संबंधित जांच एजेंसी से शिकायत करने की स्वतंत्रता देते हुए याचिका का निराकरण कर दिया था। इसके बाद उसने लोकायुक्त में दस्तावेजों के साथ शिकायत की थी। लोकायुक्त ने मामला लगभग दो दशक पुराना होने के कारण शिकायत को रिजेक्ट कर दिया था।
जानकारी के लिए बता दें कि बुरहानपुर विधानसभा सीट इस चुनाव में सबसे चर्चित सीटों में शुमार है। यहां तीन राजनीतिक घरानों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। चुनावी चौपालों पर दीदी (अर्चना), भैया (हर्षवर्धन) और शेरा (सुरेंद्र सिंह) की ताकत आजमाई जा रही है। पूर्व मंत्री और चार बार की विधायक अर्चना चिटनीस को भाजपा ने अंतिम समय में मैदान में उतारा तो राजनीतिक विरासत वाले परिवार से सुरेंद्र सिंह कांग्रेस के टिकट पर किस्मत आजमा रहे हैं। इधर, पूर्व सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहे नंदकुमार सिंह चौहान के पुत्र बगावती होकर मैदान में हैं।