टीकमगढ़। कलेक्टर अवधेश शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट परिसर से लाडो रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। लाडो रथ टीकमगढ़ जिले के ग्रामों में भ्रमण कर ग्रामीण जनों को बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करेगा। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास टीकमगढ़ रचना बुधौलिया, सहायक संचालक ऋजुता चौहान, परियोजना अधिकारी बाल विकास बल्देवगढ़ महेश दोहरे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास टीकमगढ़ रचना बुधौलिया ने बताया कि लाडो रथ के द्वारा जानकारी दी जायेगी कि लाडो अभियान अंतर्गत संपूर्ण जिले की बाल विवाह की रोकथाम हेतु विभिन्न विभागों के समन्वय से दलों का गठन किया गया है। दलों द्वारा ग्राम स्तर पर होने वाले विवाहों की सूची तैयार की जायेगी तथा बालक एवं बालिका की उम्र के दस्तावेजों का पूर्ण परीक्षण करने के बाद ही विवाह की अनुमति दी जायेगी। बाल विवाह की सूचना प्राप्त करने हेतु जिला स्तर/ विकासखंड स्तर पर कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गई है तथा हेल्पलाईन नंबर 1098 एवं महिला हेल्प लाईन 181 पर बाल विवाह की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस विभाग के सहयोग से कार्यवाही की जायेगी।