टीकमगढ़। कलेेक्टर अवधेश शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लाडो अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विकास विभाग एवं विभिन्न सहयोगी विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ सेवाप्रदाताओं, धार्मिक गुरूओं, धर्मशाला प्रबंधक, मैरिज गार्डन प्रबंधक एवं प्रिंटिंग प्रेस, बैण्ड वालों की उपस्थिति में बाल विवाह की रोकथाम हेतु किये जाने प्रयासों पर समझाईश दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर पीएस चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास टीकमगढ़ रचना बुधौलिया, सहायक संचालक ऋजुता चौहान, परियोजना अधिकारी बाल विकास बल्देवगढ़ महेश दोहरे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में रचना बुधौलिया जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास टीकमगढ़ द्वारा जानकारी दी गई कि लाडो अभियान अंतर्गत संपूर्ण जिले की बाल विवाह की रोकथाम हेतु विभिन्न विभागों के समन्वय से दलों का गठन किया गया है। दलों द्वारा ग्राम स्तर पर होने वाले विवाहों की सूची तैयार की जावेगी तथा बालक एवं बालिका की उम्र के दस्तावेजों का पूर्ण परीक्षण करने के बाद ही विवाह की अनुमति दी जायेगी। बाल विवाह की सूचना प्राप्त करने हेतु जिला स्तर/विकासखंड स्तर पर कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गई है तथा हेल्पलाईन नंबर 1098 एवं महिला हेल्प लाईन 181 पर बाल विवाह की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस विभाग के सहयोग से कार्यवाही की जायेेगी।
ज्ञातव्य है कि देव उठावनी ग्यारह पर विवाह समारोह का शुभारंभ हो रहा है। राज्य शासन की पहल पर कलेक्टर शर्मा के निर्देशानुसार टीकमगढ़ जिले में आयोजित होने वालों में विवाह समारोहों में बाल विवाह की रोकथाम हेतु लाडो अभियान चलाया जा रहा है। लाडो अभियान अंतर्गत बाल विवाह की रोकथाम हेतु जिला स्तर/ विकासखंड स्तर/ ग्राम स्तर पर दलों का गठन किया गया है। मप्र शासन द्वारा बाल विवाह की रोकथाम हेतु बालविवाह प्रतिशेध अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिसमें जिला स्तर पर कलेक्टर जिला टीकमगढ़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टीकमगढ़, तहसील स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा विकासखंड स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास रहेंगे।