ग्वालियर। विधानसभा चुनाव 2023 के मतों की गिनती की तैयारी शुरू कर दी है। हर विधानसभा के वोट की गिनती के लिए 14 टेबल लगाई जाएंगी। ईवीएम के मतों की गिनती के लिए एक टेबल पर तीन मतगणना अधिकारी मौजूद रहेंगे। डाक मत पत्रों की गिनती के लिए लगाई जाने वाली हर टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक, दो गणना सहायक व एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। इस प्रकार डाक मत पत्र की टेबल पर चार अधिकारी नियुक्त होंगे। मतगणना के लिए अधिकारियों को आज 23 नवंबर को दोपहर 12 बजे से आईआईटीटीएम (भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान) में प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं।
अंतिम प्रशिक्षण 2 दिसंबर को 11 बजे एमएलबी (मतगणना स्थल) में होगा। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एसबी ओझा ने बताया कि मतगणना अधिकारियों के प्रथम चरण के प्रशिक्षण में गणना पर्यवेक्षक व गणना सहायकों को इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन से मतगणना करने की बारीकियां सिखाई जाएंगी। साथ ही माइक्रो आब्जर्वर भी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। ईवीएम के मतों की गिनती के लिये 14-14 गणना टेबल लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक, एक गणना सहायक व एक माइक्रो आब्जर्वर तैनात होंगे। मतगणना 3 दिसंबर को सुबह 8 बजे से एमएलबी कॉलेज परिसर में शुरू होगी। मतगणना के लिए विधानसभा क्षेत्रवार दो-दो मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। हर कक्ष में 7-7 टेबल लगाई जाएंगी।