नीमच। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। इसका असर मध्यप्रदेश के कई जिलों में दिखाई देगा। इसके असर से प्रदेश के कई शहरों में मावठा गिरने की संभावना बन रही है।
मौसम केंद्र के फोरकास्ट इंचार्ज डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने की वजह से भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। मध्यप्रदेश में 25 नवंबर से मौसम बदल जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों ने 26 से 28 नवंबर के बीच बारिश होने का अनुमान जताया है। इधर, दिन-रात के तापमान में भी तेजी से गिरावट हो रही है। बुधवार को प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में दिन का तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का। बुधवार को पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
कब, कहां होगी मावठे की बारिश-
उत्तर भारत में एक्टिव हो रहे वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से 25 नवंबर को प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बादल छा सकते हैं। वहीं 26 व 27 नवंबर को इंदौर-उज्जैन संभाग के जिलों में इसका सीधे तौर पर असर दिखाई देगा। 27 व 28 नवंबर को भोपाल सहित पश्चिमी मप्र में बारिश की संभावना है। मालवा के रतलाम, मंदसौर व नीमच जिले में भी हल्की बूंदाबांदी होगी।