देवास। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में मतगणना संबंधी व्यवस्थाओं के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला स्तरीय स्टेडिंग कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका मिमरोट, रिटर्निंग अधिकारीगण तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
स्टेडिंग कमेटी की बैठक में मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि जिले में विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिए कुल 81.45 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान संपन्न होने के तत्काल बाद ईवीएम मशीने केन्द्रीय विद्यालय बैंक नोट प्रेस देवास परिसर में स्थापित स्ट्रांग रूम में रखवाई गई है। स्ट्रांग रूम की निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्ट्रांग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। स्ट्रांग रूम स्थल पर निर्वाचन लड़ने वाले प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों के रूकने की व्यवस्था भी की गई है। स्ट्रांग रूम स्थल पर प्रत्याशियों की ओर से नियुक्त प्राधिकृत प्रतिनिधियों के लिए सीसीटीवी कैमरे का डिस्प्ले उपलब्ध कराया गया है। स्ट्रांग रूम के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।
केन्द्रीय विद्यालय बैंक नोट प्रेस परिसर देवास में मतगणना 08 बजे से प्रारम्भ होगी। 08 बजे से डाक मतपत्रों की गणना प्रारम्भ की जायेगी और 08.30 बजे से ईवीएम मशीन की गणना प्रारम्भ की जायेगी। अधिकारी/कर्मचारियों का प्रवेश प्रातरू 06 बजे से होगा तथा प्रत्याशियों/अभिकर्ताओं का प्रवेश प्रातरू 07 बजे से होगा। प्रत्येक चक्र का गणना परिणाम प्रारूप 17-सी भाग-2 की प्रति उपस्थित अभिकर्ताओं को प्रदाय की जायेगी। प्रत्येक चक्र के परिणाम की घोषणा रिटर्निंग अधिकारी द्वारा की जायेगी। मतगणना अभिकर्ताओं के पास जारी करने के लिए नाम व फोटो मतगणना के तीन दिन पूर्व तक निर्धारित प्रारूप-18 में रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में जमा कराये ताकि समय-सीमा में मतगणना एजेन्टों के फोटो परिचय पत्र तैयार किये जा सके। प्रत्येक टेबल के लिए 01 मतगणना अभिकर्ता नियुक्त किया जा सकता है। अभिकर्ता को एक बार प्रवेश के बाद बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। अभिकर्ता एक बार बाहर जाते है तो दोबारा प्रवेश नहीं दिया जायेगा। मतगणना में प्रत्येक विधानसभा के लिए 14-14 टेबले लगाई जायेगी। रिटर्निंग अधिकारी की टेबल के लिए एक पृथक गणना अभिकर्ता तथा डाक मतपत्र एवं ईटीपीबीएस की गणना टेबल पर पृथक अभिकर्ता नियुक्त किया जा सकता है।
गणना अभिकर्ताओं को प्रवेश के लिए जारी किया गया फोटो परिचय पत्र तथा प्रारूप-18 की द्वितीय प्रति साथ में लाना अनिवार्य होगा। बैठक में बताया गया कि प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों तथा रिटर्निंग/सहायक रिटर्निंग अधिकारियों का प्रवेश केन्द्रीय विद्यालय के मुख्य भवन के गेट क्रमांक 01 से रहेगा। समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नियुक्त गणना अधिकारी/कर्मचारियों तथा अन्य स्टॉफ का प्रवेश केन्द्रीय प्राथमिक विद्यालय भवन के गेट क्रमांक 01 से रहेगा। अभ्यर्थी एवं अभिकर्ताओं का प्रवेश भवन के पृष्ठ भाग (मैदान) के गेट क्रमांक 04 से रहेगा। अभ्यर्थी एवं अभिकर्ताओं के लिए पार्किंग व्यवस्था फुटबाल मैदान में की जायेगी। बैठक में बताया कि देवास व हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना केंद्रीय विद्यालय भू-तल पर स्थित अलग-अलग हॉल में की जाएगी। वहीं सोनकच्छ, खातेगांव व बागली विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कक्षों में की जाएगी।
बैठक में मतगणना अभिकर्ताओं के प्रवेश तथा वाहनों की पार्किंग व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि परिसर में किसी भी प्रकार का हथियार/विस्फोटक सामान/इलेक्ट्रानिक सामान/ मोबाईल/कैमरे/धुम्रपान आदि प्रतिबंधित रहेगा। गणना संबंधी किसी भी प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने, अनावश्यक विवाद करने तथा परिसर में किसी भी प्रकार से आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।