भोपाल। जिले के ग्रीन बेल्ट वाले 692 क्षेत्रों से जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एनजीटी द्वारा दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के लिए कलेक्टर आशीष सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक की। बैठक में कलेक्टर ने वनविभाग, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, सीपीए सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनजीटी द्वारा बताए गए सभी ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने के संबंध में चर्चा कर कार्रवाई की जाए। बैठक में डीएफओ आलोक पाठक, नगर निगम आयुक्त फ्रैंक नोबल ए, एडीएम हरेंद्र नारायण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, सीपीए एवं वन विभाग के अधिकारियों से दल बनाकर एनजीटी के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि एनजीटी द्वारा जारी निर्देश में ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में सर्वाधिक अतिक्रमण वाले स्थान अयोध्या नगर बायपास रोड, नीलबड़ से मुगालिया छाप, पटेल नगर बायपास से 11 मील रोड, करोंद बायपास रोड, भानपुरा चौराहा से आशाराम बापू चौराहा आदि शामिल हैं। सभी विभाग आपस में तालमेल बनाकर संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करें।
बैठक के दौरान कलेक्टर आशीष सिंह शहर की अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर सख्त हुए और निगम के अधिकारियों को इसे सुधारने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष में उनके द्वारा व्यवसायिक निर्माण की जितनी अनुमति दी गई है एवं भविष्य में दी जानी है। उनमें पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण कराएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि पार्किंग का क्षेत्र पार्किंग के लिए ही उपयोग हो। साथ ही यह भी देखा जाए कि सभी व्यवसायिक निर्माण में पार्किंग व्यवस्था अनिवार्य है, इसी के बाद अनुमति दी जाए और उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।