इंदौर। खजराना चौराहे पर फ्लाईओवर के लिए पावर हाउस की तरफ के पिलर कैप तैयार होने के बाद अब सिग्मेंट लांच की तैयारी शुरू हो चुकी है, वहीं चौराहे पर 45 मीटर लंबा स्पान लगाया जाना है। अंकलेश्वर से बनकर आई गर्डर को आपस में जोड़ा जा रहा है। एक गटर को जोड़ने में पांच हजार बोल्ट और 20 बाटम ब्रेसिस का उपयोग किया जा रहा है। इंजीनियर और कर्मचारी चौराहे पर ही इन गर्डर को नट-बोल्ट से जोड़ने में जुटे हैं।
खजराना चौराहे पर बनाए जा रहे फ्लाईओवर की स्टील गर्डर को आपस में जोड़ने का कार्य एक सप्ताह पहले शुरू हो चुका है। 45 मीटर लंबाई में गर्डर को नट बोल्ट से जोड़ने के बाद दो गर्डर को आपस में असेम्बल किया जा रहा है। इस तरह से चार गर्डर को असेम्बल कर दो स्पान तैयार किए जाएंगे। चारों को असेम्बल करने का कार्य एक माह में पूरा होगा। पहली दो असेम्बली को पांच हजार बोल्ट और 20 बाटम ब्रेसिस से जोड़ा जा रहा है। इसमें 9 एक्स ब्रेसिस भी लगाए जा रहे हैं, ताकि सभी पर समान लोड आए और सिग्मेंट आपस में जुड़े रहे।