नीमच। मध्यप्रदेश में नवंबर माह के आखिरी सप्ताह में सीजन का पहला मावठा गिरेगा। 25 से 27 नवंबर के बीच प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बारिश का दौर रहेगा। इस दौरान तेज हवा भी चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।
मौसम केंद्र के फोरकास्ट इंचार्ज डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि ईरान, अफगानिस्तान के आसपास वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो गया है। अगले कुछ घंटों में चक्रवाती घेरा भी बन रहा है। अन्य सिस्टम भी एक्टिव है। इससे मध्यप्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवा का दौर चलेगा। 25 से 27 नवंबर के बीच प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बारिश का दौर रहेगा। 26 नवंबर को इंदौर, उज्जैन समेत कुल 18 जिलों में बारिश होने का अनुमान है। इनमें से 6 जिले- झाबुआ, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बड़वानी और धार के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सिस्टम गुजरने के बाद 28-29 नवंबर से सर्दी का असर बढ़ने लगेगा। कल शनिवार को इंदौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन और बुरहानपुर में बादल छाने के साथ बिजली भी चमकेगी। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिन और बारिश का दौर रहेगा। 25 नवंबर को आठ, 26 नवंबर को 18 और 27 नवंबर को आठ जिलों में बारिश हो सकती है।
जानिये आगामी तीन दिन कैसा रहेगा मौसम-
25 नवंबर - इंदौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन और बुरहानपुर में बादल छाए रहेंगे। वहीं, कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
26 नवंबर - इंदौर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, सीहोर, हरदा और नर्मदापुरम में बिजली चमकने के साथ बारिश भी हो सकती है।
27 नवंबर - भोपाल, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, खरगोन, बुरहानपुर और खंडवा में हल्की बारिश होगी।
दिसंबर के पहले सप्ताह से बढ़ेगी ठंड-
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. सिंह ने बताया कि सिस्टम गुजरने के बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 28-29 नवंबर के बाद दिन-रात के तापमान में गिरावट आएगी। उत्तरी हवा आने से ठंड बढ़ेगी। दिसंबर के पहले सप्ताह में सर्दी और भी तेज हो जाएगी।