चित्तौड़गढ़। जिले की 5 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कल सुबह 7 बजे से शुरू होगा। इसके लिए निर्वाचन विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है और शुक्रवार को सुबह से ही मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण देकर मतदान दलों की रवानगी करना शुरू कर दिया है। जिले में इस बार 1499 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां 1459 पोलिंग पार्टी मतदान संपन्न कराएंगे। इसके साथ ही पुलिस जाब्ता भी रवाना हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल, एसपी राजन दुष्यंत सहित प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
जिले में इस बार 13 लाख 66 हजार 737 मतदाता अपने अपने प्रत्याशियों को वोट देंगे। पांच सीटों के लिए 1499 बूथ बनाए गए है। इसके लिए आज सुबह 1459 पोलिंग पार्टी अपने अपने क्षेत्रों के लिए शहीद मेजर नटवर सिंह शक्तावत सीनियर सेकेंडरी स्कूल से रवाना हो गए। जिन गाड़ियों में पोलिंग पार्टियां और ईवीएम मशीनें रवाना की गई है उन सभी पर मॉनिटरिंग के लिए उनमें जीपीएस सिस्टम लगाए गए है, ताकि गाड़ियां हमारे निर्धारित रूट से अलग ना जा सके। इसके लिए कंट्रोल रूम में हर गाड़ी पर निगरानी रखी जाएगी।
जिला मुख्य निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने मतदान कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि यह एक जिम्मेदारी भरा काम है। इसको लेकर कहीं कुछ भी गड़बड़ नहीं होनी चाहिए। सभी को प्रशिक्षण दे दिया गया है। उसी के अनुरूप सारा काम होना चाहिए। ईमानदारी और निष्पक्ष से मतदान को पूरा करवाना हम सभी का लक्ष्य है।