देवास। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश अनुपम राजन ने देवास जिले में मतगणना स्थल केन्द्रीय विद्यालय बैंक नोट प्रेस देवास पहुँचकर विधानसभा निर्वाचन-2023 में 3 दिसंबर को जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए होने वाली मतगणना के लिए की गई तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषव गुप्ता ने केन्द्रीय विद्यालय बैंक नोट प्रेस देवास में मतगणना के लिए की जा रही तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, सीईओ जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे,एसडीएम बिहारी सिंह,उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका मिमरोट सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने इस दौरान बताया गया कि देवास व हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना केंद्रीय विद्यालय भू-तल पर स्थित अलग-अलग हॉल में की जाएगी। वहीं सोनकच्छ, खातेगांव व बागली विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कक्षों में की जाएगी।उन्होंने मतगणना टेबले,मतगणना कार्य में संलग्न अधिकारी/कर्मचारियों की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था,डाक मतपत्रों की संख्या के संबंध में जानकारी ली।साथ ही मतगणना स्थल परिसर में रूके हुए निर्वाचन अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की तथा सीसीटीवी के माध्यम से कक्ष से ही स्ट्रांग रूम की मॉनीटरिंग संबंधी व्यवस्था को देखा।निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन मतगणना व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।