देवास। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में विधानसभा निर्वाचन-2023 में मतगणना कार्य सम्पन्न करने के संबंध में गणना पर्यवेक्षकों,गणना सहायकों और माईक्रो ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका मिमरोट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। गणना पर्यवेक्षकों, गणना सहायकों और माईक्रो ऑब्जर्वर को मतगणना का प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर डॉ. एसपीएस राणा तथा डॉ. समीरा नईम द्वारा दिया गया।
कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि आप सब ने मतदान संबंधी महत्वपूर्ण कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया है। मतगणना का कार्य भी सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतगणना में कंट्रोल यूनिट में दर्ज वोटों की गिनती के साथ डाकमत पत्र, ईटीपीएस के अलावा रेंडम आधार पर चयनित किसी एक वीवीपेट की स्लिपों की भी गणना की जाएगी। गणना की प्रक्रिया को आप सब भली भांति समझ ले। कहीं कोई शंका हो तो उसका निवारण कर भी ले। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान मतगणना कार्य में संलग्न सभी अधिकारी/कर्मचारियों को न केवल निष्पक्ष रहना है बल्कि निष्पक्ष दिखना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को मतगणना की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
मास्टर ट्रेनरो ने मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं के अलावा मतगणना संबंधी प्रावधानों व आयोग के दिशा निर्देशों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मतगणना का कार्य बीएनपी परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय में किया जाएगा। देवास व हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना केंद्रीय विद्यालय भू-तल पर स्थित अलग-अलग हॉल में की जाएगी। वहीं सोनकच्छ, खातेगांव व बागली विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कक्षों में की जाएगी। उन्होंने सामान्य प्रेक्षक कक्ष, सीलिंग कक्षों, मीडिया रूम से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में मतगणना संबंधी प्रक्रिया का डिमोस्ट्रेशन कर विस्तार से समझाया तथा गणना पर्यवेक्षक व गणना सहायकों की शंकाओं का समाधान भी किया। डाक मत पत्रों की मतगणना के संबंध में विस्तार से समझाइश दी। बताया कि पहले डाक मतपत्रों की गणना होगी। डाकमत पत्रों की गणना शुरू होने के तीस मिनिट बाद ईवीएम से मतगणना शुरू हो सकेगी।