गुना। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तरूण राठी द्वारा आज विधानसभा निर्वाचन से संबंधित सभी रिटर्निंग अधिकारी के साथ दिनांक 03 दिसम्बर 2023 को होने वाली मतगणना के संबंध में तैयारियों की समीक्षा की गयी। विधानसभा 28-बमोरी, 29-गुना, 30-चांचौड़ा एवं 31-राघौगढ़ के लिए अलग-अलग मतगणना कक्षों में 14-14 टेबल लगायी जायेंगी। प्रत्येक टेबल पर गणना सुरपरवाईजर, गणना सहायक एवं माईक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त रहेंगे। डाक मतपत्र से संबंधित गणना के लिए प्रत्येक टेबल पर गणना सुपरवाईजर, दो गणना सहायक नियुक्त किये जायेंगे। इसी प्रकार अभ्यर्थियों के द्वारा नियुक्त मतगणना अभिकर्ता भी मतगणना के दौरान मौजूद रहेंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा तैनात प्रेक्षक प्रत्येक दौर में मतगणना की रेण्डम जांच करेंगे। इसके साथ ही मतगणना से संबंधित सभी मतगणना कक्षों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करायी जायेगी। बैठक के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतगणना कर्मचारी एवं माईक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण, टेबुलेशन कार्य, मतदानकर्मियों को परिचय पत्र जारी करना, मीडिया सेल की व्यवस्था, मतगणना व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, डाकमतपत्र की गणनाआदि बिंदुओं पर तैयारियों के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गयी।
बैठक के दौरान नोडल अधिकारी प्रशिक्षण सीईओ जिला पंचायत प्रथम कौशिक द्वारा बताया गया कि मतगणना से संबंधित गणना सुपरवाईजर एवं गणना सहायकों का प्रथम प्रशिक्षण 28 नवम्बर को एवं द्वितीय प्रशिक्षण 30 नवम्बर 2023 को शासकीय पीजी महाविद्यालय गुना में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण दिया जायेगा।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रथम कौशिक, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार शर्मा, समस्त रिटर्निग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे।