नरसिंहपुर। जिले की चारो विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों व सहायक रिटर्निंग अधिकारी मतगणना को मतगणना प्रक्रिया व स्ट्रांग रूम सीलिंग विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋजु बाफना ने आरओ व एआरओ को मतगणना के दौरान रखी जाने वाली सावधानियों पर विस्तृत निर्देश दिये।
यह प्रशिक्षण राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर सीएस राजहंस, डॉ. मनीष अग्रवाल, डॉ. राजेश ठाकुर व मुकेश दुबे द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण में मतगणना की तैयारी, कानूनी प्रावधान, दल गठन, मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति, ईवीएम से मतों की गणना, पोस्टल बैलेट, ईटीबीपीएस से प्राप्त डाक मतों की गणना, व्हीव्हीपैट की स्लिप की अनिवार्य गणना, सारणीयन व परिणाम की घोषणा आदि महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही पोस्टल बैलेट की गणना का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतगणना हाल में अंदर केवल अधिकृत व्यक्ति को ही प्रवेश दिया जाएगा। आयोग के अनुसार किसी भी परिस्थिति में गणना के स्थान में अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी।