रतलाम। विधानसभा चुनाव के परिणाम अभी आना बाकी है लेकिन सैलाना विधानसभा से भारत आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश्वर डोडियार ने 12 लाख का चुनावी खर्च उतारने के लिए रविवार को नोतरे का आयोजन किया है। नोतरा आदिवासियों की वह प्रथा है जिसमें जन्म-परण-मरण (जन्मोत्सव-शादी- मृत्युभोज) या किसी भी काम के लिए समाज के लोग मिलकर किसी को आर्थिक सहयोग करते हैं। लेकिन चुनावी खर्च उतारने के लिए क्षेत्र में पहली बार इस परंपरा का उपयोग किया जा रहा है।
रविवार को सरवन और रावटी में तेजाजी मंदिर पर सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक इसका आयोजन होगा। इसमें खास बात ये है कि इसके लिए एक सूचना जारी की गई है कि जो इनकी मदद करेगा उनकी कमलेश्वर मदद करेंगे। रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा क्षेत्र से भारत आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी डोडियार ने चुनाव प्रचार के दौरान ही झोली फैलाकर चुनाव खर्च जुटाने का प्रयास किया था लेकिन यह ज्यादा दिन नहीं चल सका।
डोडियार का कहना है कि प्रचार के दौरान झोली फैलाकर रुपए इकट्ठा करने में काफी समय लग रहा था इसलिए इसे बंद कर कार्यकर्ताओं ने चुनाव के बाद नोतरा करना तय किया। बाजना व शिवगढ़ में भी नोतरा रखेंगे।