खरगोन। पंचकोशी यात्रियों ने नगर में रात्रि विश्राम किया। कृषि उपज मंडी में देर रात तक मेले सा माहौल रहा, यात्री भजनों पर जमकर झूमे। नागेश्वर मंदिर परिसर में महाआरती हुई।
दरअसल, दिनभर ऊबड़खाबड़ रास्तों से गुजरने के बाद रात में विश्राम के लिए पंचकोशी यात्री बड़वाह पहुंचे। विश्राम के दौरान देर रात तक महिला-पुरुष यात्री भजनों पर जमकर थिरके। रात 10 बजे कृषि उपज मंडी में अधिकांश यात्री भजनों का लुत्फ उठा रहे थे। पूरा मंडी परिसर यात्रियों से ही खचाखच भरा हुआ था। हर तरफ बस भजनों का शोर सुनाई पड़ रहा था।
लगभग 10 हजार से अधिक यात्रियों ने नगर में विभिन्न स्थानों पर रात्रि विश्राम किया। जिसे जहां स्थान मिला वह वहीं अपना बिस्तर लगाकर सो गया। भजनों का दौर देर रात 1 बजे तक इसी तरह चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या नगर वासी भी सड़कों पर निकले।
नागेश्वर मन्दिर परिसर में गायक ओम वर्मा ने भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद पंडित विवेक दुबे ने मां नर्मदा की महा आरती की। इस दौरान उपस्थित यात्रियों ने हाथों में दिए लेकर आरती की। बसंती लाल जैन ने यात्रियों को हलवा प्रसादी वितरित की।