बड़वानी। विधानसभा निर्वाचन में डाले गये मतो की गिनती एकलव्य आवासी विद्यालय परिसर बड़वानी में 3 दिसम्बर को की जायेगी । इसके लिये अभी से तैयारियो का क्रम तेजी से चल रहा है । प्रत्येक विधानसभा के लिये आरक्षित 2 कक्षो में 14 टेबले लगाने व प्रत्याशियो के गणना अभिकर्ताओ के बैठने की व्यवस्था तेजी से पूर्ण की जा रही है । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राहुल फटिंग ने शनिवार को पुनः एकलव्य आवासी विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया व मौके पर उपस्थित उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, संबंधित रिटर्निंग अधिकारियो एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियो को आवश्यक निर्देश दिये । निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मतगणना कक्ष में किस प्रकार सुरक्षा व्यवस्था हेतु जालियॉ लगानी है किस प्रकार स्ट्रांग रूम से आने वाली मशीनों को लाने-ले जाने की व्यवस्था बैरिकेट्स के माध्यम से की जायेगी । इस दौरान कलेक्टर ने मतगणना स्थल पर बनने वाले प्रेक्षक कक्ष, टेबूलेशन कक्ष का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश संबंधितो को दिये।