नीमच। जिले में रविवार को सीजन के पहले मावठे की बारिश हुई। दोपहर से शुरू हुआ मावठे का दौर देर रात तक रूक-रूककर जारी रहा। आज सोमवार को भी सुबह से आसमान में बादल छाए और करीब 11.40 बजे हल्की बारिश की शुरूआत हुई। मौसम विभाग ने आज भी एमपी के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि ईरान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है। वहीं चक्रवाती घेरा और ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। प्रदेश के बीचों-बीच में चक्रवाती हवाओं का घेरा है। पूर्वी-पश्चिमी हवाओं का ठहराव भी है। इसके चलते प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का दौर शुरू हो गया है जो 30 नवंबर तक चलेगा। अगले 3-4 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। आज सोमवार को नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा समेत 8 जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। वहीं, भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत 39 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का अनुमान है।
आगामी 24 घंटे यहां होगी बारिश-
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज 27 नवंबर सोमवार को झाबुआ, नीमच, शाजापुर, सीधी, रीवा, सतना, पन्ना भोपाल, इंदौर, राजगढ़, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, रतलाम, उज्जैन, देवास, आगर, मंदसौर, शहडोल, कटनी, दमोह और सागर जिले में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं रायसेन, सीहोर, खरगोन, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, मंडला और बालाघाट जिले तेज आंधी के साथ झमाझम की आशंका व्यक्त की है। इसके अलावा नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी जिले में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया है।